CG NEWS: चार दशक बाद नक्सलियों के ‘गढ़’ गोगुंडा पहाड़ पर सुरक्षाबलों का कब्जा, टॉप कमांडर रमन्ना का 20 फीट ऊंचा स्मारक ध्वस्त

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षाबलों को एक और बड़ी प्रतीकात्मक जीत मिली है. सुकमा जिले के गोगुंडा पहाड़ पर जवानों ने धावा बोलते हुए खूंखार नक्सली कमांडर और सीसी मेंबर रमन्ना के 20 फीट ऊंचे विशाल स्मारक को मलबे में तब्दील कर दिया है.
40 साल बाद आजाद हुआ गोगुंडा पहाड़
बता दें, सुकमा का गोगुंडा पहाड़ पिछले चार दशकों (40 साल) से नक्सलियों का अजेय किला माना जाता था. यहां नक्सलियों की भारी मौजूदगी के कारण सुरक्षाबल पहुँचने से बचते थे. हालांकि, इलाके में सीआरपीएफ (CRPF) 74वीं बटालियन का नया कैंप स्थापित होने के बाद स्थितियां बदल गईं. अब यह क्षेत्र पूरी तरह से नक्सलियों के कब्जे से आजाद हो चुका है.
टॉप नक्सली कमांडर और सेंट्रल कमेटी (CC) मेंबर रमन्ना की मौत साल 2020 में हार्ट अटैक से हुई थी. उसकी मौत के बाद नक्सलियों ने उसकी याद में गोगुंडा की पहाड़ियों पर यह 20 फीट ऊंचा स्मारक तैयार किया था, जो नक्सलियों के प्रभाव का प्रतीक माना जाता था.
नक्सली रमन्ना की याद में बनाए गए इस स्मारक को गिराने के लिए सीआरपीएफ 74वीं बटालियन और कोबरा 201 बटालियन ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया. जवानों ने स्मारक को चारों तरफ से घेरकर ध्वस्त कर दिया. पुलिस का उद्देश्य नक्सलियों के साथ-साथ उनकी विचारधारा और स्मृतियों को भी जड़ से मिटाना है.
बस्तर के जंगलों में अब नक्सलियों का खौफ खत्म हो रहा है. हम न केवल नक्सलियों का सफाया कर रहे हैं, बल्कि उनके द्वारा स्थापित किए गए डराने वाले प्रतीकों और स्मारकों को भी ध्वस्त कर रहे हैं. 



