ChhattisgarhHindi news

दुर्ग-भिलाई राउंड-अप: दुर्ग को मिली हाईटेक IT पार्क की सौगात; BSP लोहा चोरी कांड में सुपरवाइजर गिरफ्तार, जनप्रतिनिधियों से पंगा लेने पर प्रधान आरक्षक लाइन अटैच।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले को तकनीकी विकास और रोजगार के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए सिविल लाईन्स स्थित आईटी पार्क का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होने से पूर्व आईटी पार्क का उद्घाटन किया।

सिविल लाईन्स स्थित यह आईटी पार्क लगभग 3,900 वर्ग मीटर भूमि पर निर्मित किया गया है, जिसका कुल निर्मित क्षेत्रफल 2,907.26 वर्ग मीटर है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस आईटी पार्क में 40 बड़े ऑफिस रूम, पांच बड़े हॉल, मैस सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पूरा परिसर बाउंड्रीवॉल से घिरा हुआ है, जिसमें यहां कंपनियों के संचालन के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया गया है। देश के विभिन्न 40 आई टी कम्पनियों ने यहां एमओयू के मुताबिक कार्य आरंभ कर दिया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि आईआईटी भिलाई और प्रदेश शासन के सहयोग से इस आईटी पार्क निर्माण किया गया है। वर्तमान में 40 आईटी कम्पनियां कार्यरत है तथा भविष्य में 100 कम्पनियों के साथ कार्य करने हेतु अपनी सहमति जताई है। विगत वर्ष की गई घोषणा आज आईटी के शुभारंभ के साथ पूरी हुई है। इससे युवाओं के लिए तकनीकी ज्ञान एवं विकास की राह आसान होगी।

आईटी पार्क की स्थापना को जिले में रोजगार, कौशल विकास और तकनीकी निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, साजा विधायक ईश्वर साहू, छत्तीसगढ़ खादी बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, महापौर श्रीमती अलका बाघमार, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव आयुक्त जनसंपर्क रजत बंसल, छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसाइटी (चिप्स) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रभात मलिक, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसएसपी विजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन आईआईटी भिलाई के निदेशक डॉ. राजीव प्रकाश ने किया।

बीएसपी लोहा चोरी मामले में सुपरवाइजर गिरफ्तार

भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र में 250 टन लोहा स्क्रैप चोरी का आखिरकार मुख्य षड़यंत्रकर्ता कौन है। इस खेल में और कौन-कौन शामिल हैं। यह सब फरार आरोपी संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद खुलासा हो सकेगा। अब इस मामले में पुरानी भिलाई पुलिस ने सांई एसोसिएट का सुपरवाइजर घनश्याम गुप्ता को गिरफ्तार किया है।

आरोपी संजय सिंह के निर्देश पर क्रेन के माध्यम से लोहे के स्क्रैप को फ्लू डस्ट परिवहन करने वाले गाड़ियों में चोरी के स्क्रैप की लोडिंग करता था। गिरोह संगठित रूप से पिछले 4-5 माह से भिलाई स्टील प्लांट से फ्लू डस्ट वाहनों में बीएसपी के लोहे की चोरी की जा रही थी । शहर एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि इस मामले में पूर्व में आरोपी चिंतानंद साहू जितेश वर्मा, मिथेन ठाकुर, निर्मल सिंह एवं रवेन्द्र साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

विवेचना के दौरान प्रकरण में संलिप्त सांई एसोसिट के सुपरवाइजर घनश्याम गुप्ता निवासी सेक्टर-1 के विरूद्ध प्रकरण में संलिप्त होने के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। पूछताछ पर घनश्याम गुप्ता ने प्रकरण के मुख्य षड़यंत्रकर्ता एवं आरोपी संजय सिंह के कहने पर अन्य के साथ मिलकर मैग्नेटिक क्रेन के माध्यम से बीएसपी के लोहे को चोरी कर फ्लू डस्ट के वाहनों में लोड किया जाना स्वीकार किया है। इस प्रकार प्रकरण में अब तक 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर प्रधान आरक्षक श्याम सिंह राजपूत लाइन अटैच

रानीतराई। सुशासन तिहार के दौरान ग्राम कौही में जनप्रतिनिधियों द्वारा की गई शिकायत के बाद पुलिस विभाग ने थाना रानीतराई में पदस्थ प्रधान आरक्षक श्याम सिंह राजपूत को लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही आरक्षक तिलेश साहू को भी लाइन अटैच किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनप्रतिनिधियों ने सुशासन तिहार में शिकायत करते हुए प्रधान आरक्षक श्याम सिंह राजपूत पर क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया था। शिकायत में कानून व्यवस्था एवं पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। शिकायत के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधान आरक्षक को थाना से हटाकर पुलिस लाइन अटैच करने की कार्रवाई की है।

21 मई को कौहि में सुशासन तिहार जन समस्या शिविर में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने श्याम सिंह राजपूत के खिलाफ शिकायत व रानीतराई थाना से हटाने की मांग की थी। जनपद सदस्य रश्मि भेदप्रकाश वर्मा, सरपंच सत्यनाराय टिकरिहा, निर्मल जैन पूर्व सरपंच, राजा ठाकुर उपसरपंच रानीतराई, विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू, ब्लाक अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने पुलिस विभाग के अधिकारियों आभार व्यक्त किया है।

एटीएम कार्ड बदलकर छात्र से ठगी

डोंगरगढ़। शहर में एटीएम कार्ड बदलकर रकम निकालने की एक और घटना सामने आई है। ग्राम बोरतलाब निवासी एवं कॉम्लेंस कॉलेज पार्रीनाला, राजनांदगांव के प्रथम वर्ष के छात्र के साथ अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम कार्ड बदलकर 40 हजार रुपये की ठगी कर ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्र 30 मई 2026 को सुबह लगभग 11 बजे अपने निजी कार्य से डोंगरगढ़ आया था। वह अपने पिता खेमराज पंधरे के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम कार्ड से नया बस स्टैंड के सामने स्थित एसबीआई एटीएम में राशि निकालने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान एटीएम से पैसा नहीं निकल रहा था। बताया गया है कि तभी एक अज्ञात व्यक्ति एटीएम कक्ष में आया और छात्र से पूछा कि पैसा निकल रहा है या नहीं। छात्र के “पैसा नहीं निकल रहा” कहने पर वह कुछ क्षण के लिए सड़क की ओर देखने लगा।

इसी बीच आरोपी ने चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया और वहां से फरार हो गया। कुछ समय बाद छात्र के पिता के मोबाइल पर खाते से 40 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश प्राप्त हुआ। संदेश मिलने के बाद छात्र को ठगी का पता चला। जांच करने पर सामने आया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

शहर में शुरू हुआ सड़कों के डामरीकरण का कार्य

राजनांदगांव। पिछले साल बारिश के पहले से रूके शहर के सड़को को डामरीकरण एक बार नगरनिगम द्वारा शुरू कर दिया गया है। शहर के अलग अलग वार्डो में डामरीकरण शुरू कर दिया गया है। जिससे लोगों को राहत मिलेगी। शहर के कौरिनभांठा वार्ड में ग्रीन हाइट से कमला कालेज रोड़ तक डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है।

नगर निगम से प्राप्त जानकारी अनुसार पिछले साल बारिश के पहले आरके नगर सहित शहर के अंदरूनी इलाको में डामरीकरण किया गया था। लेकिन बाद में कुछ जगह डामरीकरण नही हो पाया था। बहरहाल, ईरान और अमेरिका के बीच युध्द के कारण ईंधन की समस्या बनी हुई है। जिसके चलते डामर की सप्लाई नही होने की बात ठेकेदारों द्वारा कही जा रही है । हांलाकि विगत दिनों नगरनिगम के महापौर मधुसूदन यादन ने ठेकेदारों की बैठक लेकर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद कार्य शुरू कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button