Amitabh Bachchan Birthday: ईश्वर को भी पता है अमिताभ की अहमियत, महानायक ने 83 साल में निभाए इतने किरदार

महानायक अमिताभ बच्चन कल 11 अक्टूबर को 83 वर्ष की आयु पूरी करेंगे। हर नई फिल्म में वह नए अंदाज में सामने आते हैं। एक दर्जन से अधिक गंभीर सर्जरी के बाद भी कौन बनेगा करोड़पति के सेट पर वह युवतम उत्साह से दौड़ते हुए प्रवेश करते हैं तो लगता है कि उनकी इस भूमिका पर अलग से चर्चा होनी चाहिए।
आमतौर पर हिंदुस्तान में लोग 60 की उम्र में काम से अवकाश ले लेते हैं, 83 की उम्र में तो जीवन से अवकाश की बात होने लगती है। ‘अब हमें क्या करना, जो करना था कर चुके, तुम लोग संभालो..’,आम हिंदुस्तानी घरों में बुजुर्गों की जुबान पर इस उम्र में यही जुमले आ जाते हैं। ऐसे में अमिताभ 83 की उम्र में एक दर्जन से अधिक गंभीर सर्जरी के बाद भी कौन बनेगा करोड़पति के सेट पर युवतम उत्साह से दौड़ते हुए प्रवेश करते हैं।
हिंदी सिनेमा में प्रौढ़ अभिनेताओं की सक्रियता पहले भी थी, अशोक कुमार, नाजिर हुसैन, ओम प्रकाश, अभि भट्टाचार्य, श्री राम लागू, ए के हंगल भी सिनेमा के लिए अनिवार्य रहे हैं, लेकिन उनमें और अमिताभ की भूमिका में गुणात्मक अंतर देखा जा सकता है। जहां वे अधिकांश फिल्मों में प्रौढ़ावस्था की लाचारियों – मजबूरियों को अभिनीत करते रहे, अमिताभ ने झुंड, गुलाबो सिताबो, कल्कि, पीकू, पिंक, सत्याग्रह, बागबान, वक्त, फैमिली, सरकार से लेकर ब्लैक, नि:शब्द और कभी अलविदा न कहना जैसी फिल्मों के साथ यह साबित करने की कोशिश की कि उम्र के साथ जिंदगी कमजोर नहीं पड़ती, अनुभव उसे मजबूत बनाते हैं।
2000 के बाद शुरू हुई बिग बी की असली पारी
आने वाले दिनों में वास्तव में जब अमिताभ का समग्र मूल्यांकन होगा, यह तय करना मुश्किल होगा कि उन्हें एंग्री यंगमैन के रूप में याद रखा जाय या जीवंत प्रौढ़ के रूप में। अमिताभ के यदि समग्र अवदान को भुलाना भी चाहें तो, उस नागरिक के रूप में भुलाना संभव नहीं होगा, जिसने सक्रियता की उम्र बदल दी।



