ईरान युद्ध पर पीएम मोदी का बड़ा अलर्ट! बोले- देश की सबसे बड़ी परीक्षा सामने…

PM Modi Rajya Sabha Speech: ईरान युद्ध (Iran War) संकट पर पीएम नरेंद्र मोदी ने आज राज्यसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने युद्ध के भारत पर प्रभाव और पश्चिम एशिया के हालात पर राज्यसभा में 21 मिनट बोले। पीएम मोदी ने कहा कि अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध जारी रहा तो इसके गंभीर दुष्परिणाम होंगे। आने वाला समय देश की सबसे बड़ी परीक्षा लेने वाला है। इसमें राज्यों का सहयोग जरूरी है। टीम इंडिया की तरह काम करने होगा। एक दिन पहले पीएम ने लोकसभा में 25 मिनट की स्पीच दी थी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ईरान, अमेरिका और इजरायल के साथ संपर्क में हैं। हमने हॉर्मुज स्ट्रेट खोले जाने पर भी ईरान से बात की है। कमर्शियल जहाजों पर हमला और हॉर्मुज स्ट्रेट में रुकावट अस्वीकार्य है। साथ ही भारत ने एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले का विरोध किया है।
भारत 41 देशों से एनर्जी इम्पोर्ट कर रहा है
पीएम ने कहा कि पहले भारत में 27 देशों से एनर्जी इम्पोर्ट किया जाता था। आज 41 देशों से एनर्जी इम्पोर्ट किया जाता है। हमने कच्चे तेल के भंडार को भी प्राथमिकता दी है। बीते 10 साल में रिफआइनिंग कैपेसिटी भी बढ़ाई गई है। देश को भरोसा देना चाहता हूं कि भारत के पास क्रूड ऑयल की निरंतर सप्लाई की व्यवस्था है। सरकार घरेलू गैस सप्लाई में एलपीजी के अलावा पीएनजी पर भी जोर दे रही है। एलपीजी के घरेलू उत्पादन को भी बढ़ाने का काम जारी है।
आने वाले समय में हमारे देश की बड़ी परीक्षा
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने इंटर मिनिस्ट्रियल ग्रुप बनाया है, जो इम्पोर्ट और एक्सपोर्ट में आने वाली दिक्कतों का आकलन करता है। कोरोना के समय में अलग-अलग सेक्टर से निपटने के लिए अफसरों के एम्पॉवर्ड ग्रुप बने थे, वैसे ही अभी 7 एम्पावर्ड ग्रुप बने हैं। सरकार कोशिश कर रही है कि आने वाले बुआई के सीजन में किसानों को खाद मिलती रहे। सरकार ने खाद की सप्लाई के लिए तैयारी की है। किसानों को आश्वस्त करूंगा कि सरकार हर चुनौती के समाधान के लिए उनके साथ खड़ी है। ये राज्यों का सदन है। आने वाले समय में संकट हमारे देश की बड़ी परीक्षा लेने वाला है। इसमें सफलता के लिए राज्यों का सहयोग जरूरी है।
ईरान से अभी तक 1 हजार से ज्यादा भारतीय सुरक्षित वापस लौटे
प्रधानमंत्री ने कहा-ईरान से अभी तक 1 हजार से ज्यादा भारतीय सुरक्षित वापस लौटे हैं। इसमें से 700 से ज्यादा मेडिकल की पढ़ाई करने वाले युवा है। सरकार इस संकट के समय में पूरी संवेदनशीलता से काम कर रही है। सभी ने भारतीयों की सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। हालांकि कुछ हमलों के चलते कुछ भारतीयों की मौत हुई है और कुछ घायल हुए हैं। घायलों का इलाज कराया जा रहा है।
पीएम ने कहा- राज्य सरकार कालाबाजारी-जमाखोरी पर एक्शन लें
पीएम ने कहा कि मैं राज्यों की सरकार से आग्रह करना चाहता हूं कि गरीबों पर, श्रमिकों पर बुरा असर पड़ता है इसलिए पीएम गरीब अन्न कल्याण योजना का लाभ मिलता रहे इसके लिए प्रोएक्टिव कदम उठाए जाएं, राज्य सरकार विशेष वय्वस्था करें। ऐसे समय में कालाबाजारी करने वाले, जमाखोरी करने वाले एक्टिव होते हैं। जहां से शिकायतें आती हैं, कार्रवाई करनी चाहिए। ये राज्य की प्राथमिकता होनी चाहिए।



