ChhattisgarhHindi newsNational

नक्सलमुक्त भारत पर लोकसभा में गूंजा छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री साय बोले—4 दशक से विकास में बाधा रहा नक्सलवाद, अब बदलाव की ओर कदम

 रायपुर। देश को नक्सलवाद से मुक्त करने के प्रयासों पर आज लोकसभा में महत्वपूर्ण चर्चा होने जा रही है। यह बहस ऐसे समय में हो रही है, जब केंद्र सरकार ने नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए 31 मार्च 2026 की समयसीमा तय की है और इस डेडलाइन के खत्म होने में अब केवल एक दिन शेष है। इसको लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा छत्तीसगढ़ का ही ज्यादा जिक्र होगा। भारी मात्रा में नक्सलवाद छत्तीसगढ़ में ही बचा हुआ था। चार दशक से ज्यादा से नक्सलवाद विकास में बड़ा रोड़ा बना हुआ था। उसको समाप्त करने में सफल हो रहे हैं। यह छत्तीसगढ़ के लिए बहुत अच्छा है।

बता दें कि लोकसभा सचिवालय ने इस विषय को नियम 193 के तहत सूचीबद्ध किया है। इस नियम के अंतर्गत अल्पकालिक चर्चा होती है, जिसमें मतदान नहीं कराया जाता, लेकिन सरकार के लिए जवाब देना अनिवार्य होता है। माना जा रहा है कि इस चर्चा में छत्तीसगढ़ का विशेष रूप से जिक्र होगा, क्योंकि देश में लंबे समय तक नक्सलवाद का सबसे अधिक प्रभाव यहीं रहा है।

वायु सेवा विस्तार पर सीएम साय का बयान

इसके साथ ही सीएम साय ने प्रदेश में वायु सेवाओं के विस्तार को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए नई फ्लाइट सेवा शुरू हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि बीती रात बिलासपुर में नाइट लैंडिंग और टेक-ऑफ की सुविधा का भी शुभारंभ शुरू हो गया है। सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ में वायु सेवा में वृद्धि हो रही है।

चंदखुरी में लगाने लिए आ चुकी है भगवान श्रीराम की मूर्ति

चंदखुरी में भगवान श्रीराम की मूर्ति स्थापना को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मूर्ति आ चुकी है, अब लगेगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए शुभ मुहूर्त निकलवाया जा रहा है।

बीजेपी के ‘गांव चलो अभियान’ को लेकर सीएम ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा लोगों के बीच खड़ी रहती है। 6 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस है। इस अवसर पर 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक संगठन के लोग गांव में जाएंगे, लोगों से मुलाकात करेंगे और पार्टी की नीतियों, सरकार की उपलब्धियां और योजनाओं की जानकारी देंगे।

खाद की कमी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति का प्रभाव पूरे विश्व के साथ हमारे देश में पड़ा है। ऑयल, गैस, फर्टिलाइज़र की आपूर्ति जिस तरह से चलती रही है, उसी तरह से चलेगी। हम लोग भी बैठक किए हैं। सभी गैस एजेंसियों और फर्टिलाइज़र वालों से बात की है। जेपी नड्डा जी से भी संपर्क हुआ है। किसी भी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। नैनो डीएपी और नैनो यूरिया का स्टॉक हम लोग यहां रखेंगे।

Related Articles

Back to top button