तीन हादसों में तीन की मौत: कई लोग घायल, मचा हड़कंप

बालोद/कवर्धा। छत्तीसगढ़ के बालोद और कवर्धा जिले में अलग-अलग तीन हादसे हुए हैं। इन घटनाओं में कुल 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। इन हादसों से इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ट्रैक्टर की टक्कर से 2 युवकों की मौके पर मौत.
बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र के उसरवारा गांव के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में फूलचंद धुरू (30 वर्ष) निवासी उसरवारा और लोकेश मंडावी (40 वर्ष) निवासी कांकेर, वर्तमान में उसरवारा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक पुरूर बाजार से अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
स्टेरिंग फेल होने से खाई में गिरी बस, कई यात्री घायल.
बालोद जिले में एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई। दुर्ग से दल्लीराजहरा जा रही पायल ट्रेवल्स की बस स्टेरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर रेलवे ट्रैक के पास करीब 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। बस में 20 से 30 यात्री सवार थे। हादसे में कई यात्री घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कुसुमकसा और जमही टोल प्लाजा के बीच की है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है।
कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत.
कवर्धा जिले के पोंडी-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130A पर तेज रफ्तार अज्ञात आर्टिगा कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में नरेंद्र निवासी डिंडोरी, मध्यप्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार वाहन की तलाश जारी है। मामला पोंडी चौकी क्षेत्र के ग्राम सिल्हाटी का है।



