सम्राट चौधरी बने बिहार के नए मुख्यमंत्री, लोकभवन में शपथग्रहण समारोह जारी — इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार का बड़ा बयान सामने आया।

पटना। बिहार की राजनीति ने आज एक नया मोड़ ले लिया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया है, जिसका अर्थ है कि वे बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे। एनडीए (NDA) की औपचारिक बैठक के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह कल, 15 अप्रैल को लोकभवन में आयोजित होगा।
नीतीश कुमार का इस्तीफा और नई भूमिका
लंबे समय तक बिहार की कमान संभालने के बाद नीतीश कुमार ने आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा सौंपने के लिए वे सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ एक ही गाड़ी में राजभवन पहुंचे। पद छोड़ने के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया (X) पर नई सरकार को अपना समर्थन देते हुए लिखा कि अब नई व्यवस्था राज्य के विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगी और इसमें उनका पूरा सहयोग रहेगा।
कैबिनेट की आखिरी बैठक और विदाई संदेश
इस्तीफे से पहले नीतीश कुमार ने अपनी कैबिनेट की अंतिम बैठक की अध्यक्षता की। भावुक क्षणों के बीच उन्होंने कहा, 2005 से अब तक मैंने अपनी पूरी क्षमता से बिहार की सेवा की है। नई सरकार को भविष्य में भी मेरा मार्गदर्शन मिलता रहेगा। इस बदलाव से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने नीतीश कुमार से मुलाकात कर आगे की रणनीति पर चर्चा की।
उपेंद्र कुशवाहा ने दी बधाई
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए सोशल मीडिया में बधाई दी। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा और पार्टी नई ऊंचाइयों को छुएगी। कुशवाहा ने भरोसा जताया कि वे अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता से कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे। इस अवसर पर उन्होंने सहयोग और समन्वय से काम करने पर जोर दिया, ताकि संगठन को और सशक्त बनाया जा सके और आगामी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया जा सके।



