‘विदेश यात्रा पर टैक्स की खबरें पूरी तरह फर्जी’, पीएम मोदी के बयान के बाद मीडिया संस्थान ने वापस ली रिपोर्ट

पश्चिम एशिया में तनाव के चलते दुनिया भर में पैदा हुए ईंधन संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को साफ़ किया की सरकार ने विदेश यात्रा पर किसी भी प्रकार की पाबंदी नहीं लगाईं है। पीएम मोदी ने एक मीडिया रिपोर्ट को साझा करते हुए उसे गलत करार दिया। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ”यह पूरी तरह गलत है। इसमें जरा भी सच्चाई नहीं है। विदेश यात्रा पर किसी प्रकार की रोक लगाने का कोई सवाल ही नहीं उठता है।” उन्होंने आगे कहा कि सरकार लोगों के लिए ‘इज ऑफ डूइंग बिजनेस’ और ‘इज ऑफ लिविंग’ को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम मोदी की इस टिप्पणी को विदेश यात्रा पर संभावित टैक्स या प्रतिबंधों को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाने के तौर पर देखा जा रहा है।
क्या था दावा?
एक मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया था कि सरकार विदेशी यात्रा पर नया टैक्स या सरचार्ज लगाने पर विचार कर रही है। दावा किया गया कि यह प्रस्ताव उच्च स्तर पर चर्चा में है और इसका उद्देश्य युद्ध संबंधी वित्तीय दबाव को संतुलित करना हो सकता है। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया था कि यह संभावित शुल्क अस्थायी हो सकता है और इसका उपयोग इम्पोर्ट खर्च और कच्चे तेल की कीमतों के दबाव को कम करने के लिए किया जा सकता है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
मीडिया संस्थान ने रिपोर्ट ली वापस
पीएम मोदी की पोस्ट के तत्काल बाद मीडिया संस्थान ने अपनी रिपोर्ट वापस लेते हुए खेद जताया। CNBC-TV18 ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ”सरकार द्वारा विदेश यात्रा पर टैक्स/सैस लगाने पर विचार किए जाने संबंधी हमारी खबर सटीक नहीं थी। हम इस खबर को वापस लेते हैं और इस गलती के लिए हमें खेद है।”




