NationalHindi news

सूर्या चौहान हत्याकांड: पुलिस और मुख्य आरोपी के बीच मुठभेड़, खाकी की गोली से पस्त हुआ बदमाश

खोड़ा थाना क्षेत्र में बकरीद के दिन हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था. 17 वर्षीय युवक सूर्या चौहान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था. परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस द्वारा तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया गया था, जिसमें 5 लोगों को अभियुक्त बनाया गया था. पुलिस ने तत्काल 3 अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर ली थी. वहीं मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है.

बता दें कि सूर्या चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद फरार था. उसके ऊपर 50,000 रुपए का इनाम रखा गया था. पुलिस को आज यह सूचना प्राप्त हुई थी कि असद अपने कुछ साथियों से मिलने थाना खोड़ा क्षेत्र मे आने वाला है. उनसे कुछ पैसे लेकर वह बाहर भागने की फिराक मे था. पुलिस द्वारा इस सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे क्षेत्र मे लगातार कॉम्बिंग एवं बैरियर लगाकर चेकिंग की जा रही थी. इसी क्रम मे वसुन्धरा क्षेत्र मे असद अपने एक साथी के साथ बाइक से आता हुआ दिखाई देता है. पुलिस टीम द्वारा उसे रोकने का प्रयास किया गया. लेकिन असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी.

वहीं जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फायरिंग की और असद गोली का शिकार हो गया. पुलिस ने तत्काल असद को इलाज के लिए नजदीकी हॉस्पिटल मे भर्ती कराया. मुठभेड़ में एक कॉस्टेबल भी घायल है. वहीं असद का दूसरा साथी मौके से फरार हो गया. असद के पास से पुलिस ने एक पिस्टल बरामद किया है. सभी पक्षों की गम्भीरता से जांच करके कार्रवाई की जा रही है.

Related Articles

Back to top button