दुर्ग जिले में डबल मर्डर, घर घुसकर आरक्षक की पत्नी और बेटे को उतारा मौत के घाट

दुर्ग। Durg Double Murder: दुर्ग जिले में हुई एक बेहद खौफनाक घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। जहां आज शनिवार सुबह करीब 8 बजे एसटीएफ कॉलोनी (Durg Double Murder) में पदस्थ एक आरक्षक के घर में घुसकर एक महिला ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक की पत्नी और 9 साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। वहीं घर में मौजूद एक अन्य बच्ची ने बाथरूम में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाली महिला को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी और आरक्षक के बीच कथित तौर पर निजी संबंध थे। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी महिला घर आई थी, लेकिन उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। इसके बावजूद विवाद इतना बढ़ गया कि उसने अगले ही दिन इस खौफनाक कदम को उठा लिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।



