ChhattisgarhHindi news

खेत में दफन लाश और खौफनाक राज: महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप, पुलिस जांच में खुली वो सच्चाई जिसने सबके होश उड़ा दिए!

बोरई थाना क्षेत्र के आमानारा गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के एक खेत में ताजा कब्र होने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस को कब्र में महिला का शव होने की जानकारी मिली। मृतका की पहचान बिंदा बाई के रूप में हुई, जो 30 मई से लापता बताई जा रही थी। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध मौत और हत्या की आशंका से जुड़ गया था, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

हालांकि, पुलिस जांच और जिला अस्पताल से प्राप्त दस्तावेजों के सत्यापन के बाद मामला पूरी तरह अलग निकला। जांच में सामने आया कि बिंदा बाई की तबीयत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 30 मई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद उसके पति ने शव को घर के पीछे स्थित बाड़ी में दफना दिया था।

पुलिस के अनुसार, मृतका के परिवार का पिछले लगभग पांच वर्षों से गांव में सामाजिक बहिष्कार चल रहा है। बताया जाता है कि मृतका का पति दो पत्नियों के साथ रहता है, जिसके चलते परिवार सामाजिक रूप से अलग-थलग था। इसी वजह से पारंपरिक अंतिम संस्कार नहीं किया गया और शव को घर के पीछे दफनाया गया।

जिला अस्पताल के रिकॉर्ड और अन्य तथ्यों की पुष्टि के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में हत्या या किसी अन्य आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं। इसलिए दफन शव को बाहर निकालने की कार्रवाई नहीं की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले का दस्तावेजी परीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Related Articles

Back to top button