Uncategorized

50 लाख ठगी का पर्दाफाश: ड्राइवर निकला मास्टरमाइंड, महिला समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर: राजधानी रायपुर में 50 लाख रुपये गबन मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी ड्राइवर कृष्णा साहू समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 49 लाख 50 हजार रुपये नकद, एमजी विंडसर कार (CG 04 QG 6633) और वारदात में इस्तेमाल वर्ना कार (CG 06 HB 8055) जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 66.50 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड ड्राइवर कृष्णा साहू ही था, जिसने अपने रिश्तेदारों और साथियों के साथ मिलकर पहले से साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

शिकायतकर्ता अखिलेश ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे उनके जीजा उमेश अग्रवाल ने फोन कर बताया कि ड्राइवर कृष्णा साहू और अकाउंटेंट भूपेंद्र देवांगन कंपनी की कार से करीब 50 लाख रुपये लेकर बैंक गए थे, लेकिन बैंक बंद होने के कारण वे वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान गीतांजलि नगर स्थित भारत माता मूर्ति के पास ड्राइवर ने गुटखा लेने के बहाने अकाउंटेंट को कार से उतार दिया और मौका पाते ही कार समेत 50 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। घटना के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया था।

पुलिस की सख्त कार्रवाई, CCTV से मिला सुराग.
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर और पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।

टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी विश्लेषण किया और आरोपी की मूवमेंट को ट्रैक किया। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए लगातार दबिश दी गई, जिसके बाद आरोपी कृष्णा साहू को गिरफ्तार कर लिया गया।

रिश्तेदारों में बांट दिए थे पैसे.
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने परिवार और साथियों के साथ मिलकर पहले से योजना बनाई थी और गबन की रकम को आपस में बांट लिया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

सभी आरोपियों के खिलाफ थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 136/26 के तहत धारा 316(4), 306 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी.

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जाएगी।

Related Articles

Back to top button