19वें रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र, PM बोले- अब आप देश की विकास यात्रा के सहभागी

देशभर के हजारों युवाओं के लिए शनिवार का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया. देश के 47 शहरों में हुए 19वें रोजगार मेले में पीएम नरेंद्र मोदी ने 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र सौंपे. इसमें चुने गए युवाओं को रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग, वित्तीय सेवा और उच्च शिक्षा समेत कई सरकारी विभागों में नौकरी मिली. इस रोजगार मेले में प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने युवाओं को बधाई दी और कहा कि आज पूरी दुनिया भारत के युवाओं और देश की तकनीकी ताकत को नए नजरिए से देख रही है. उन्होंने कहा इससे पहले देशभर में 18 रोजगार मेले हो चुके हैं, जिनमें करीब 12 लाख युवाओं को अपॉइंटमेंट लेटर दिए जा चुके हैं.
युवा देश की विकास यात्रा के अहम साथी बन रहे
प्रधानमंत्री ने कहा कि नौकरी पाने वाले ये युवा सिर्फ अपने करियर की शुरुआत नहीं कर रहे हैं, बल्कि देश की विकास यात्रा के अहम साथी भी बन रहे हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में यही युवा विकसित भारत के सपने को साकार करने में बड़ी भूमिका निभाएंगे. अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं की मेहनत की सराहना की. उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए लंबे समय तक तैयारी करनी पड़ती है और इसके पीछे परिवार का भी बड़ा योगदान होता है.
उन्होंने कहा कि जब कोई युवा सफलता हासिल करता है, तो उस में सिर्फ उसकी मेहनत ही नहीं बल्कि माता-पिता, परिवार और पूरे समाज का सहयोग भी शामिल होता है. देश के 140 करोड़ नागरिक भी किसी न किसी रूप में उस सफलता के भागीदार होते हैं. प्रधानमंत्री ने सभी चयनित युवाओं और उनके परिवारों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि देश सेवा का अवसर भी है.
दुनिया भारत की तकनीकी प्रगति को लेकर बेहद उत्साहित
पीएम मोदी बोले- 5 देशों की इस यात्रा के दौरान मैंने कई देशों की बड़ी कंपनियों के नेताओं के साथ बातचीत की. हमारी विस्तृत चर्चाएं और बैठकें हुईं. हर जगह, मैंने लगातार एक बात महसूस की, दुनिया भारत के युवाओं और भारत की तकनीकी प्रगति को लेकर बेहद उत्साहित है. प्रधानमंत्री ने कहा- नीदरलैंड्स से सेमीकंडक्टर, जल प्रबंधन, कृषि पर चर्चा हुई. स्वीडन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल नवाचार में सहयोग पर चर्चा हुई. नॉर्वे के साथ ग्रीन टेक्नोलॉजी और समुद्री सहयोग पर चर्चा आगे बढ़ी, और साझेदारी को लेकर समझौते हुए.
ग्रीन ट्रांजिशन और सस्टेनेबल टेक्नोलॉजी में स्वीडन, नॉर्वे और इटली जैसे देशों के साथ सहयोग भी बढ़ रहा है. UAE और नॉर्वे के साथ साझेदारियां भारत के जहाज निर्माण इकोसिस्टम को मज़बूत करेंगी.” मोदी बोले- हमें यह याद रखना चाहिए कि ये वे क्षेत्र हैं जिनमें आने वाले निवेश और साझेदारियां अगले चार दशकों तक वैश्विक विकास को आकार देंगे. इसमें भारत के युवा बहुत बड़ी भूमिका निभाएंगे.
अक्टूबर 2022 से शुरू हुआ था रोजगार मेला
प्रधानमंत्री ने 22 अक्टूबर 2022 को रोजगार मेले का पहला फेज शुरू किया था. तब PM ने कहा था- हमारा लक्ष्य देश के युवाओं को 2023 के आखिर तक 10 लाख सरकारी नौकरियां देना था. लोकसभा चुनाव से पहले 12 फरवरी 2024 को 12वां रोजगार मेला आयोजित हुआ था, जिसमें सबसे ज्यादा 1 लाख जॉब लेटर बांटे गए थे. 11 लाख का आंकड़ा 2025 में पूरा हुआ था.



