मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का बड़ा प्रदर्शन: लघु सचिवालय का घेराव, डीसी से मुलाकात न होने पर भड़के किसान

हांसी में भारतीय किसान यूनियन और अन्य किसान संगठनों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लघु सचिवालय का घेराव किया। किसानों ने पिछले साल जलभराव के कारण खराब हुई फसलों का उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ, लेकिन अब तक प्रभावित किसानों को मुआवजा नहीं मिला है।
जिला उपायुक्त से मिलने पहुंचे किसानों को जब मुलाकात का मौका नहीं मिला तो उन्होंने लघु सचिवालय परिसर में ही हंगामा शुरू कर दिया और तहसीलदार कार्यालय के बाहर जमीन पर बैठकर धरना दे दिया। किसानों ने साफ कहा कि जब तक मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
किसान नेताओं अशोक मलिक और सुरेश कोथ ने आरोप लगाया कि जलभराव से किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई थीं, लेकिन सरकार और प्रशासन किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहा है और अधिकार लेकर रहेगा।

प्रदर्शन में शामिल महिला किसानों ने भी अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि फसल खराब होने से परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। घर चलाना मुश्किल हो रहा है और बच्चों की शादियां तक प्रभावित हो रही हैं।
प्रदर्शन के बाद किसान संगठनों ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



