अरहर दाल की कीमत तीन साल बाद फिर 100 रुपए के करीब पहुंची, दालों के दामों में आई गिरावट

अरहर दाल की कीमतें तीन साल बाद फिर से करीब 100 रुपए प्रति किलो के स्तर पर आ गई हैं। 2022 में अरहर दाल की कीमतें 100 से 110 रुपए के बीच थीं, जो अब फिर से इसी रेंज में वापस आ गई हैं। रायपुर के चिल्हर बाजार में अच्छी गुणवत्ता वाली अरहर दाल 100 रुपए और उच्च गुणवत्ता वाली कटनी उपहार दाल 110 रुपए प्रति किलो मिल रही है।
पिछले साल दिसंबर में अरहर दाल के दाम चिल्हर में लगभग 180 रुपए थे, जबकि 2023 में कीमतें 200 रुपए से ऊपर तक पहुंच गई थीं। थोक बाजार में दाम 190 रुपए तक जा पहुंचे थे। अब दाल की कीमतों में खासा सुधार देखने को मिल रहा है।http://www.cgglobal.news
दालों के दाम हुए कम
इस समय अधिकांश दालों के थोक दाम 100 रुपए से नीचे आ गए हैं, हालांकि चिल्हर बाजार में दाम थोड़े अधिक हैं। मटर की कीमतों में भी गिरावट आई है, जिसका कारण केंद्र सरकार द्वारा मटर पर मार्च 2026 तक आयात शुल्क में छूट देना है। थोक में मटर की कीमत 36 से 38 रुपए और चिल्हर में 40 से 45 रुपए प्रति किलो है, जो पिछले साल 100 रुपए से अधिक थी।
अरहर दाल की मांग और स्रोतhttp://www.cgglobal.news
अरहर दाल पूरे देश में सबसे ज्यादा खपत होने वाली दाल है, खासतौर पर घरों, ढाबों और रेस्टोरेंट्स में। छत्तीसगढ़ में भी इसकी मांग बहुत अधिक है, और यहां की दाल मुख्य रूप से महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से आती है। लोकल दाल की भी अच्छी मांग है, लेकिन महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की दाल की कीमत थोड़ी ज्यादा होती है।
दामों का इतिहास
2022 में अरहर दाल की थोक कीमत 90 से 100 रुपए के बीच थी, जबकि चिल्हर में यह 100 से 110 रुपए थी। इसके बाद दाम बढ़ते गए और 2023 में ये 200 रुपए से ऊपर पहुंच गए। थोक में दाम 190 रुपए और चिल्हर में 210-220 रुपए के बीच पहुंच गए थे। यह स्थिति 2015 की फसल प्रभावित स्थिति के बाद पहली बार आई थी। 2023 और 2024 में भी दाम ऊंचे बने रहे। 2024 के अंत तक थोक में अरहर दाल की कीमत 140 से 160 रुपए और चिल्हर में 160 से 180 रुपए थी।
अन्य दालों के दाम
अन्य दालें भी अब काफ़ी सस्ती हो गई हैं। थोक में चना दाल 70 से 72 रुपए, चिल्हर में 80 से 85 रुपए, उड़द दाल थोक में 90 और चिल्हर में 100 रुपए, मूंग दाल थोक में 110 और चिल्हर में 120 रुपए के बीच मिल रही है। देशी चना की कीमत थोक में 60 से 65 रुपए और चिल्हर में 70 से 75 रुपए है। काबुली चना भी सस्ता हुआ है, जहां पहले इसके दाम 180 रुपए तक गए थे, अब यह थोक में 100 और चिल्हर में 110 रुपए में मिल रहा है।