Assam BJP Candidates List 2026: असम विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी की पहली लिस्ट जारी, एक दिन पहले कांग्रेस छोड़कर पार्टी में आए बारदोलोई को भी टिकट, CM हिमंता इस सीट से लड़ेंगे

- Assam BJP Candidates List 2026: असम विधानसभा चुनाव-2026 के लिए बीजेपी ने कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इसमें कई बड़े नाम हैं, जिन्हें इस बार मौका मिला है। वहीं एक दिन पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने वाले कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई (Pradyut Bordoloi) को भी पार्टी ने टिकट दिया है। लिस्ट में सीएम हिमंता बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) का भी नाम शामिल है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली को भी उतारा गया है। बीजेपी की पहली लिस्ट में 6 महिलाओं को भी टिकट दिया गया है।
सीएम हिमंता बिस्वा सरमा अपनी परंपरागत जालुकबारी सीट से ही चुनाव लड़ेंगे। जबकि एक दिन पहले कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हुए लोकसभा सांसद प्रद्युत बोरदोलोई को दिसपुर सीट से उम्मीदवार बनाया है। दिसपुर असम की सबसे प्रतिष्ठित और हाई-प्रोफाइल सीट मानी जाती है।





बीजेपी की पहली लिस्ट में 88 उम्मीदवारों में भूपेन बोरा का भी नाम है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बोरा भी पिछले दिनों कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए थे। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली को भी टिकट दिया गया है। अभी तेली राज्यसभा सांसद हैं, लेकिन उनका कार्यकाल खत्म हो रहा है और उन्हें फिर से राज्यसभा नहीं भेजा गया है। उन्हें असम की दुलियाजन विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। मंगलदाई से नीलिमा देवी को उतारा गया है। बीजेपी ने 88 उम्मीदवारों में से सिर्फ 6 महिलाओं को ही टिकट दिया है। पार्टी ने इस लिस्ट में 18 विधायकों के टिकट भी काट दिए हैं जिसमें कुछ मंत्री भी शामिल हैं।
नए और युवा उम्मीदवारों को मिली जगह
इस लिस्ट में कई पुराने विधायक दोबारा टिकट पर हैं, साथ ही कुछ नए और युवा चेहरे भी शामिल किए गए हैं। महिलाओं और आदिवासी इलाकों को भी अच्छी जगह दी गई है। पूरी लिस्ट में नाम जैसे, अश्विनी राय सरकार (गोलकगंज), उत्तम प्रसाद (धुबरी), माधवी दास (बिरसिंग जारुआ) और अंत में बिजॉय मालाकार (रामकृष्ण नगर) तक शामिल हैं।
टिकट ऐलान से पहले बीजेपी की बैठक
लिस्ट जारी होने से पहले बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने कल बुधवार को दिल्ली में एक बैठक की, जिसमें असम और पुड्डुचेरी में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई और उन्हें अंतिम रूप दिया गया था। बीजेपी के अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे थे। लिस्ट में हर सीट का नंबर, विधानसभा का नाम और उम्मीदवार का पूरा नाम लिखा है।



