National

चचेरे भाई ने युवक को उतारा मौत के घाट, जमीन को लेकर था विवाद

जौनपुर. बाक्सा थाना क्षेत्र के बभनोटी टेकारी गांव में पट्टीदारों ने पुरानी रंजिश में अचानक लाठी-डंडा से हमला कर एक को मौत के घाट उतार दिया. जबकि दूसरे को मरणासन्न कर मौके से फरार हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जानकारी के मुताबिक आलोक मिश्रा अपने मित्र अमित मिश्रा के साथ शहर में शादी का निमंत्रण देने आए थे. मंगलवार रात करीब 10 बजे बाइक से दोनों घर को लौट रहे थे. इसी दौरान जैसे घर से लगभग 100 मीटर दूरी पर पहुंचे थे तभी चाचा के लड़के ने उन पर लाठी डंडे और सरिया हमला कर फरार हो गए.

चीख-पुकार सुनकर परिजन दौड़ पड़े लेकिन जब तक उसे अस्पताल लेकर कर पहुंचते आलोक मिश्रा की मौत हो चुकी थी. वहीं अमित मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो कर तड़पने लगा. परिजनों ने 108 नंबर एंबुलेंस कर्मचारी के सहयोग से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया यहां पर आलोक मिश्रा को डॉक्टर ने देखकर मृत्यु हो जाने की पुष्टि कर दिया और अमित मिश्रा का प्राथमिक उपचार करने के पश्चात हालत गंभीर देखकर बेहतर उपचार के लिए वाराणसी के लिए रेफर कर दिया. मृतक के भाई ने बताया कि पुराना विवाद चल रहा था जिसमें कुछ दिन पहले हमारी माता को मार कर हाथ तोड़ दिया गया था. दूसरी तरफ यह भी बताया गया है कि घटना में दोनों पक्षों के करीब दस लोग घायल हुए हैं.

मृतक अलोक मिश्र का अपने चाचा कमलाकांत मिश्र से लंबे समय से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है. कई साल पहले भी दोनों पक्षों में मारपीट हो चुकी थी, जिसके बाद अलोक अपने परिवार के साथ कलीचाबाद में रहने लगे थे. वह नईगंज में आयुर्वेदिक दवा की दुकान चलाते थे और क्षेत्र में वैद्य के रूप में जाने जाते थे. मंगलवार रात अलोक अपने कुछ साथियों के साथ गांव पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चलने लगे. हालात बिगड़ने पर अलोक के साथ आए अधिकांश लोग मौके से भाग निकले. इसके बाद गुस्साए लोगों ने अलोक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा. नईगंज लाइनबाजार थाना क्षेत्र निवासी अंकित मिश्र को भी पेड़ से बांधकर मारपीट की गई.

पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वा भिजवाया, जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना के संबंध में थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मुकदमा लिखकर आरोपियों की तलाश की जा रही है मौके पर शांति व्यवस्था कायम है.

 

Related Articles

Back to top button