ChhattisgarhHindi news

धनवार नाके पर किसानों का उग्र प्रदर्शन; जमीन अधिग्रहण के बाद भी मुआवजा न मिलने पर जताया भारी विरोध

जिले के वाड्रफनगर स्थित धनवार अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर किसानों ने जमीन अधिग्रहण के बाद अब तक मुआवजा नहीं मिलने के विरोध में प्रदर्शन किया। किसानों ने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जल्द मुआवजा भुगतान की मांग की।

जानकारी के अनुसार, धनवार अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट निर्माण के लिए प्रशासन द्वारा करीब 20 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया था। किसानों का आरोप है कि जमीन अधिग्रहण के वर्षों बाद भी उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिला, जिससे वे आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन के दौरान एसडीएम ने किसानों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद आंदोलन समाप्त किया गया।

एसडीएम ने कहा कि प्रभावित किसानों की मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा तथा मामले के निराकरण का प्रयास किया जाएगा। वहीं प्रभावित किसान मिथलेश दुबे ने बताया कि शासन स्तर पर लगभग 8 लाख रुपए मुआवजा स्वीकृत किया गया था, लेकिन वह राशि किसके खाते में गई इसकी जानकारी विभाग नहीं दे पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन मामले में स्पष्ट जवाब देने से बच रहा है। किसानों ने समस्याओं का जल्द समाधान नहीं करने पर आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

Related Articles

Back to top button