मैच के दौरान इस श्रीलंकाई स्टार पर टूटा दुखों का पहाड़, कोच जयसूर्या ने दी पिता के निधन की खबर
एशिया कप 2025 के ग्रुप-बी मुकाबले में गुरुवार को अफगानिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज करने के बावजूद श्रीलंका टीम का माहौल गमगीन हो गया। टीम के युवा ऑलराउंडर दुनिथ वेलालगे के पिता सुरंगा वेलालगे का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। यह घटना तब हुई जब दुनिथ गुरुवार को अफगानिस्तान के खिलाफ मैदान पर थे और टीम के लिए खेल रहे थे। मैच खत्म होने के बाद कोच सनथ जयसूर्या ने उन्हें मैदान पर ही यह दुखद खबर दी। इसका वीडियो भी सामने आया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि श्रीलंका के कोच और पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सनथ जयसूर्या वेलालगे के पास आते हैं, उनके कंधे पर हाथ रखकर धीरे-धीरे उन्हें सांत्वना देते हैं और पिता के निधन की सूचना देते हैं। उस दौरान दुनिथ भावुक नजर आए। दुनिथ के पिता सुरंगा वेलालगे भी क्रिकेटर रहे थे। उन्होंने प्रिंस ऑफ वेल्स कॉलेज की कप्तानी की थी। हालांकि उन्हें कभी श्रीलंका की राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का मौका नहीं मिला।