NationalHindi news

सिंगरौली में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही: खुले में कचरे की तरह फेंकी लाखों रुपये की दवाइयां, भवन बना खंडहर

मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले से एक बेहद शर्मनाक और बड़ी लापरवाही सामने आई है। जहां उप स्वास्थ्य केंद्र ‘बरहट’ में लाखों रुपये की सरकारी दवाएं खुले में कचरे की तरह फेंकी हुई मिली। यह पूरा मामला चितरंगी क्षेत्र का बताया जा रहा है। वहीं घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे है।

सिंगरौली के बरहट उप स्वास्थ्य केंद्र में लाखों रुपये की सरकारी दवाएं खुले में कचरे में पड़ी मिली। ​स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस स्वास्थ्य केंद्र में न तो कभी डॉक्टर बैठते हैं और न ही अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी नियमित रूप से ड्यूटी पर पहुंचे हैं। कुछ साल पहले क्षेत्र की जनता को बेहतर इलाज देने की बड़ी उम्मीदों के साथ इस भवन का उद्घाटन तत्कालीन सांसद रीती पाठक ने किया था। लेकिन आज देखरेख के अभाव में यह करोड़ो का सरकारी भवन पूरी तरह खंडहर में तब्दील होता जा रहा है।

बताया जा रहा है कि ​यह अस्पताल सिर्फ नाम का रह गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आपातकालीन स्थिति या सामान्य इलाज के लिए मीलों दूर दूसरे बड़े अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ते हैं। ​खुले आसमान के नीचे एक्सपायर हो रही सरकारी दवाओं ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और सरकारी धन के दुरुपयोग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button