रायपुर के प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आसमान में छाया काले धुएं का गुबार

रायपुर। Fire In Plastic Factory: राजधानी रायपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कंवल प्लास्टिक मल्टीलेयर कंपनी (Fire In Plastic Factory) में भीषण आग लग गई है। यह आग महालेखाकार भवन के पीछे स्थित फैक्ट्री में लगी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा है, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, आग कुछ ही समय में भड़क उठी और तेजी से पूरे परिसर में फैल गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह मशीन का ज्यादा गर्म होना बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फैक्ट्री के अंदर से लगातार धमाकों की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं, जिससे स्थिति और भयावह हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और फिलहाल पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों ने दमकल की देरी से पहुंचने का आरोप भी लगाया है, जिसके चलते आग ने ज्यादा नुकसान किया। राहत की बात यह है कि फैक्ट्री में मौजूद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, हालांकि कुछ मजदूर हल्के रूप से झुलस गए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।
इस बीच, फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप लग रहे हैं। इतना ही नहीं, कवरेज करने पहुंचे मीडिया कर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार की खबर सामने आई है। फिलहाल मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है और आग पर काबू पाने की कोशिशें लगातार जारी हैं। नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद ही हो सकेगा।



