Hindi newsNationalPolitics

बंगाल दूसरे चरण में 91.31% मतदान: कई जगह हिंसा और झड़प, लाठीचार्ज भी हुआ

पश्चिम बंगाल में दूसरे दौर के 142 सीटों पर वोटिंग खत्म हो गई है। शाम 6 बजे तक के आकड़ों के मुताबिक, 91.31% वोटिंग हुई है। यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। आखिरी दिन वोटिंग के दौरान कई जगहों पर हिंसा, झड़प, लाठीचार्ज और EVM से छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आईं। मतदान के अंतिम दौर में नॉर्थ 24 परगना के अरविंद रैली में TMC और भाजपा कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प देखने को मिली। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर मुक्के, लाठियों से हमला करते हुए दिखाई दिए। भारी संख्या में सुरक्षाबलों की मौजूदगी के बावजूद हालात बेकाबू दिखे।

CRPF पर TMC समर्थकों और वोटरों से मारपीट का आरोप.
CM ममता ने CRPF पर TMC समर्थकों और वोटरों से मारपीट का आरोप लगाया। ममता ने कहा कि CRPF ने हमारे कई लोगों को गिरफ्तार किया है। वोटरों और सेंट्रल ऑब्सर्वर लोगों को मार रहे हैं। महिलाओं और बच्चों को भी नहीं छोड़ा। TMC ने आरोप लगाया कि CRPF के हमले से हावड़ा के उदयनारायणपुर में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। TMC महासचिव अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि बुजुर्ग अपने बेटे के साथ वोट डालने गए थे। केंद्रीय बलों ने उन्हें धक्का दिया और मारपीट की। बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

पांच राज्यों में कितनी हुई वोटिंग.
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पहले चरण में पश्चिम बंगाल में 93.2 प्रतिशत जबकि दूसरे चरण में रिकॉर्ड 91.31% वोटिंग दर्ज हुई है। तमिलनाडु में 85.1 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। असम में सभी 126 सीटों पर मतदान पूरा हो चुका है, जहां 85.5 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला। केरल में 140 सीटों पर वोटिंग हुई, जहां 75 से 78 प्रतिशत के बीच मतदान दर्ज किया गया। जबकि पुडुचेरी में 89.87 प्रतिशत वोटिंग हुई।

EXIT POLL के नतीजे आने शुरू.
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग खत्म होने के बाद पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर एक्जिट पोल के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। जिन पांच राज्यों में चुनाव हुआ है। उनमें पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी शामिल है। तमाम एक्जिट पोल के नतीजे राज्यवार लगातार अपडेट किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button