NationalHindi news

बंगाल के मदरसों में गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’: सीएम सुवेंदु अधिकारी ने राष्ट्रीय गीत गाना किया अनिवार्य, सरकारी कर्मचारियों के लिए भी कड़ा फरमान जारी

Vande Mataram is Compulsory in Madrasa Of Bengal: पश्चिम बंगाल के मदरसों में ‘वंदे मातरम्’ गूंजेगा। सीएम सुवेंदु अधिकारी (CM Suvendu Adhikari) ने बंगाल के सभी मदरसों में ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य कर दिया है। राज्य के अल्पसंख्यक मामलों और मदरसा शिक्षा विभाग के तहत आने वाले सभी मदरसों में ‘वंदे मातरम’ गाना अनिवार्य होगा। नए आदेश के बाद अब क्लास शुरू होने से पहले सुबह की प्रार्थना सभा (असेंबली) में वंदे मातरम गाना जरूरी होगा। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों के लिए भी तगड़ा फरमान सुनाया गया है। बंगाल सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर यह आदेश दिया है।

इससे पहले मदरसों में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ और कवि गुलाम मुस्तफा की ‘अनंत असीम प्रेममय तुमी’ (बांग्ला गीत) गाई जाती थी। अब सभी मदरसों में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य किया गया है। इस आदेश को लागू करने के बाद इसकी रिपोर्ट भी विभाग को सौंपनी होगी।

इसके अलावा सुवेंदु सरकार ने एक और फैसले में सरकारी कर्मचारियों के बोलने और लिखने की आजादी को सीमित कर दिया है। इस आदेश के मुताबिक, सरकारी कर्मचारी बिना इजाजत मीडिया में नहीं बोल सकेंगे। साथ ही अखबारों या टीवी चैनलों को इंटरव्यू देने पर भी पाबंदी लगा दी गई है। बिना अनुमति लिखने पर भी रोक है। फैसले को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। विरोधी पार्टियों का कहना है कि सरकार का यह आदेश कर्मचारियों के लिए आवाज दबाने वाले नियम जैसा है। इसमें सरकारी स्कूलों-कॉलेजों के शिक्षक और अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं। लोग इसकी तुलना 1975 के आपातकाल से कर रहे हैं. लोगों को डर है कि इससे सेंसरशिप बढ़ेगी और विरोध की आवाज दबाई जाएगी।

केंद्र का आदेश- जन गण मन से पहले गाया जाएगा वंदे मातरम

बता दें कि पिछले दिनों पश्चिम बंगाल और असम में अपनी शानदार जीत के बाद, नरेंद्र मोदी सरकार ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रीय गान ‘जन गण मन’ के बराबर का दर्जा देने का फैसला किया था। अधिकारियों के मुताबिक, इसका मकसद ‘वंदे मातरम्’ को भी उसी कानूनी दायरे में लाना है, जिसके तहत अभी राष्ट्रीय गान को सुरक्षा मिली हुई है। आदेश में साफ लिखा था कि अगर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ साथ में गाए या बजाए जाएं, तो पहले वंदे मातरम गाया जाएगा। इस दौरान गाने या सुनने वालों को सावधान मुद्रा में खड़ा रहना होगा।

Related Articles

Back to top button