मुंबई के बांद्रा में कब्जाधारियों के खिलाफ रेलवे का बुलडोजर एक्शन जारी, पथराव के बाद पुलिस का लाठीचार्ज

Mumbai Bandra Encroachment Removal Violence: मुंबई के बांद्रा में कब्जाधारियों के खिलाफ रेलवे का बुलडोजर एक्शन जारी है। बांद्रा ईस्ट गरीब नगर इलाके में पश्चिम रेलवे (Western Railway) 1.31 एकड़ कब्जा हटाने की कार्रवाई कर रही है। हालांकि तीसरे दिन कार्रवाई के दौरान हिंसक टकराव उस समय उत्पन्न हो गया, जब कब्जाधारियों ने तोड़फोड़ दस्ते पर पथराव कर दिया। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज कर कब्जाधारियों को खदेड़ा। इस टकराव में 6 पुलिसकर्मी और 4 प्रदर्शनकारी घायल हो गए।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई बांद्रा ईस्ट रेलवे स्टेशन के पास रेलवे की 1.31 एकड़ जमीन को खाली कराने के लिए की जा रही है। करीब 5300 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली इस जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 600 करोड़ रुपये है। रेलवे का दावा है कि इस जमीन पर करीब 500 अवैध ढांचे बने हुए थे, जिनमें से अब तक लगभग 85 प्रतिशत को हटाया जा चुका है।
कार्रवाई के दौरान एक धार्मिक ढांचे को भी हटाया गया, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। कार्रवाई के दौरान असामाजिक तत्वों ने कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की और तोड़फोड़ दस्ते पर पथराव किया। प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस और रेलवे कर्मचारियों पर पथराव किया गया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल का इस्तेमाल किया। पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने कहा है कि मामले में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रेलवे और मुंबई पुलिस ने संयुक्त रूप से पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर करीब 1200 पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि आगे किसी तरह की हिंसा न हो।

पथराव का वीडियो सामने आया
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए है, जिनमें पुलिस कार्रवाई और लोगों के विरोध को देखा जा सकता है। पुलिस के अनुसार, लाठीचार्ज के बाद कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। इसके बाद इलाके में कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
10 नामजद आरोपियों समेत 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
इस बीच बांद्रा पथराव मामले में मुंबई पुलिस ने पहली एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जबकि 100 से 150 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें सरकारी काम में बाधा डालने, हिंसा, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने जैसी धाराएं शामिल है।



